अब बँटते हैं भगवान, बोल बम नमो-नमो
भक्तों में खींचातान, बोल बम नमो-नमो
रोजी-रोटी महंगाई की बातों से कतराते हैं
क्या खाए क्या पहने कोई नेता ये बतलाते हैं
बेमतलब की बातें में उलझा है हिंदुस्तान
जुमले से हार रहा विज्ञान, बोल बम नमो नमो
युवा झंडा-डंडा लेकर हो-हो करते घूम रहे हैं
प्रश्न पूछना पाँप हो गया अंध भक्त सब झूम रहे हैं
उनकी बात नहीं मानी तो भेजे पाकिस्तान
है उनकी गाली भरी जुबान, बोल बम नमो नमो
जोड़-तोड़ या हेर-फेर से बस सरकार बना लो
भ्रष्ट रहे या अपराधी हो क्या दरकार मिला लो
अपने दल में जाए बस उसका हो गुणगान
अब तो कुर्सी ही ईमान, बोल बम नमो-नमो
मंदिर-मस्जिद जिनकी खातिर वोटों के टकसाल हैं
जनता उनके पाँव पखारे करते नहीं सवाल हैं
सही-गलत का करे फैसला ऊपर से फरमान
बने अब नेता ही भगवान, बोल बम नमो नमो
जनता दो रोटी को ताके नेता माल उड़ाये
ऐसा सौदा जिसमें मालिक कौड़ी में बिक जाये
पैसे-गहने, दारू लेकर करते हैं मतदान
देश फिर कैसे बने महान, बोल बम नमो नमो
—————————————————-
मनीष पाण्डेय ‘मनु’
शनिवार 9 मई 2026, नीदरलैंड्स