रविवार, 13 जून 2021

कन्वर्टिबल

कसम से 
दिल में सौ-सौ साँप लोट जाते हैं 
जब देखता हूँ
चमचमाती कन्वर्टिबल से 
उतरते हुए किसी ऐसे को 
जिसके वानप्रस्थ के दिन आ गए हैं 

मुझे देखिये साहब 
अभी मेरी उम्र ही क्या है?
लेकिन पीछे की ओर 
बेबी-ऑन-बोर्ड का स्टीकर लगाए 
और बच्चे के बैठने की सीट बांधे
स्टेशन वैगन चला रहा हूँ

ये सब देखकर नाक-कान से 
इतना धुआँ निकलता है 
कि पता चल जाये तो ग्रेटा थन्बर्ग  
मुझे ही जिम्मेदार मान ले
क्लाइमेट चेंज के लिए 

समझ नहीं आता 
कहाँ जाकर अपना सर पटकूँ?
सोचता हूँ कहीं नेहरू जी
इसके लिए भी जिम्मेदार तो नहीं?

सही बात है कि 
कानून के आँखों में पट्टी बंधी होती है 
नहीं तो इतनी नाइंसाफी 
क्यों होती दुनिया में?

किताबों में पढ़ा है 
सब्र का फल मीठा होता है 
अजी! होता होगा
लेकिन कितना सब्र करें?

क्या पता 
जब तक ये मीठा फल हाथ आये
डॉक्टर हमें डाइबिटीज़ का मरीज बता दे 
और हम ये फल खा ही ना सकें 

अब मुझे सब्र नहीं होता

अब तो मुझे भी वैसी ही 
फर्राटे से चलने वाली 
कन्वर्टिबल चाहिए 
लाल रंग वाली


 =============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, रविवार-13-जून -2021

बुधवार, 9 जून 2021

सदा खुश रहना

आज तुम 
दो मुट्ठी पत्थर 
ऐसे घर लाये 
जैसे कोई खजाना हो

कंचे, पत्थर के टुकड़े 
लकड़ी के खिलौने 
हाँ! यही सब होते हैं 
बचपन की पूंजी

लेकिन
कहीं ना कहीं 
ऐसे ही पड़ती है आदत
चीजें जमा करने की 

जो आगे चलकर
पैसे, जमीन और 
ना जाने क्या-क्या 
जमा करने में 
बदल जाता है 

और इसकी लत लगने से 
आदमी
सब कुछ भुलाकर 
बस जमा-खोरी में
लग जाता है


मेरे बेटे!
मैं ये नहीं कहता कि 
साधन और सुविधाहीन रहना 
पर जमा करने की 
इसी लोभ और लत से 
बचने की कोशिश करना 

असली पूंजी 
ये साजो-सामान नहीं 
तुम्हारे मन का
संतोष है 

हो सके तो जमा करना 
दिल से जुड़े रिश्ते 
और 
जो अपने पास है 
उसमें ही  
खुश हो लेने की कला 

जैसे आज तुम 
पत्थर के इन 
धूल-मिट्टी सने 
टुकड़ों से खेल कर 
खुश हो गए

क्योंकि
जिनके पास संतोष है 
वे हर हाल में 
खुश रह लेते हैं

यही कामना करता हूँ 
कि तुम 
सदा खुश रहना
मेरे प्यारे!

=============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, बुधवार 09-जून -2021