मंगलवार, 29 दिसंबर 2020

चाँद

चाँद 
----------------------

चाँद भी 
बहरूपिया
और छलिया है 

कभी तो
प्रेमिका के
सुन्दर मुखड़े सा 
दिख जाता है 
या कभी
उसकी याद में 
दिल में
टीस जगाता है 

कभी तो 
चौथ की पूजा के समय 
बादलों में
छुपकर सताता है 
तो कभी अँधेरी रात में 
राहगीरों को
राह दिखाता है 

कभी तो 
दादी की कहानी में 
पीपल के पेड़ वाले 
भूत को जगाता है 
तो कभी 
शरद पूनम की रात में 
खीर को 
अमृत बनाता है 

कभी तो 
चंदा मामा बनकर 
बच्चों को दो निवाला 
और खिलाता है 
तो कभी दूर का 
खिलौना बन 
बच्चों को ललचाता
रुलाता है 

चाँद भी 
जाने कितने 
रूप दिखाता है 

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, मंगलवार 29-दिसम्बर-2020

बरसात

बरसात 
-----------------------------


कभी कभी सोचता हूँ 
ये बरसात भी ना 
जाने कितने 
तरह की होती है 

जब बरसती है 
बिछुड़े प्रेमी 
नैनों से 
तो उसके जलते
अरमानों को
और दहकाती है 
लेकिन जब गिरे 
धरती पर 
वर्षा की
फुहार बनकर तो 
तो मिट्टी की सौंधी
खुशबू फैलाती है 

जब बरसती है 
जेठ की दुपहरी में 
सूरज से आग
तो बूढ़े किसान के
दिल में 
हूक उठाती है 
और जब होती 
सावन में  
बादलों से बरसात 
तो खेतों में फसलें 
उगाती है 

कभी तो 
पिताजी के गुस्से में
झिड़कियों 
की होती है बरसात 
तो कभी 
माँ की ममता में
बरसती है 
दुलार की सौगात 

कभी 
ऊपर वाले की 
कृपा से होती है 
खुशिओं की बरसात 
तो कभी 
मुशीबतों की बारिस में 
बिगड़ते हैं हालात

कभी बरसात  
का पानी
बहा ले जाता है पूरा गांव
तो कभी 
स्कुल में कराता है छुट्टी
ताकि बच्चे चला सकें 
कागज की नाँव 

बरसात 
तुम्हारी बात गजब है 
छठा निराली है 
तुम्हारे आने से 
कहीं दुःखों का सैलाब 
तो कहीं छा जाती 
खुशहाली है 

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, मंगलवार 29-दिसम्बर-2020

आँसू

आँसू 
-------------------------------


आँसू
की बात भी 
एकदम निराली है
और 
रँग-बिरँगी हैं 
उसकी छटाएँ 


आँसू 
वो शय है 
जो अमीर-गरीब 
काले-गोरे, और
बड़े-छोटे में 
भेद नहीं करता

आँसू 
भाँप लेता है
दिल की 
गहराईओं में छिपे 
तड़प को 
और चुपके से 
आकर बैठ जाता है 
पलकों की छोर पर
हमारा दुःख बाँटने 

आँसू 
ताड लेता है 
हमारी खुशी 
और छलक पड़ता है 
नैनों की कोर से 

आँसू 
न जाने कैसे 
जान लेता है 
लाडली बिटिया के  
बिदाई का पल 
और 
भर जाता है  
बाबुल के नैनों में

आँसू 
जब लुढ़कता है 
बच्चे की आँखों से 
तो माँ के दिल को
कचोटता है 
और जब 
सुनता है 
पिता की डाँट 
तो कर देता हैं 
आँखे लाल 
 
आँसू 
जागता है रात भर 
हमारे साथ 
और बन जाता है
सावन की झड़ी 
किसी की याद में

आँसू 
कभी तो 
डबडबाई आँखों में 
मोतियों सा चमकता है 
या फिर कभी तो 
दहकता है लावे जैसा 


आँसू 
जब निकलता है
पश्चाताप की ज्वाला में 
पिघलकर 
तो धो देता है 
हमारी गलतियाँ 

आँसू 
एक ऐसा 
सच्चा साथी है 
जो सुख और दुःख 
दोनों में
साथ निभाता है
एक बराबर 

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, मंगलवार 29-दिसम्बर-2020

शनिवार, 21 नवंबर 2020

सिमट रहे हैं

रोज मर्रा के
काम काज
निपटाते-निपटाते
जिन्दगी के
हंसी लम्हे
निपट रहे हैं  

सुविधाओं से
लिपटने की होड़ में
अकेलापन और 
अवसाद
लिपट रहे हैं 

जिन्दगी तो
भाग रही है 
बेतहाशा
लेकिन 
दिल के अरमान
घिसट रहे हैं 

छूने की चाहत में 
चाँद सितारे 
पीछे छोड़ आये 
उन्हें जो 
मन के 
निकट रहे हैं 

बढ़ रहा है 
ऑनलाइन अवतार का 
दायरा 
पर दिल से जुड़े 
सच्चे रिश्ते 
धीरे-धीरे
सिमट रहे हैं 

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, शनिवार 21-नवम्बर-2020

रविवार, 25 अक्तूबर 2020

दशहरा

दशहरा
----------------------------

हर दशहरा-
जब जलता है
रावण का पुतला,
मनाता तो
मैं भी हूँ उत्सव-
बुराई पर अच्छाई के
विजय का!

लेकिन,
भीतर ही भीतर
रहता हूँ थोड़ा 
डरा- डरा,
क्यों? 
अरे! आप पूछते हैं 
क्यों भला?

मन में नहीं है मेरे
कौन सा विकार?
स्वारथ का तो
नहीं कोई पारावार,

बिना कुछ किए ही
अहं इतना 
कि खुद रावण
लजा जाए,
रखता हूँ द्वेष
जरा सी कोई बात 
यदि बुरी लग जाए,

झूठ तो मैं
यूँ ही बोल जाता हूँ
बात-बिना-बात,
कब छोड़ा
कोई सुख कोई साधन
मान कर अपने 
पिता की बात,

दोष अपनी
गलतियों का 
भाग्य पर मढ़ता हूँ.
और थोड़ा सा कुछ
भला कर दिया तो
जाने कितना 
दम्भ भरता हूँ,

राम के नाम पर
जताता हूँ
अपनी भक्ति,
पर नहीं उनके 
किसी मर्यादा को
निभाने की शक्ति,

रावण के पुतले
हम सभी हमेशा
बनाते-जलाते हैं,
लेकिन अपने दोष
और अपनी कमियाँ
कभी देख नहीं पाते हैं

किस मुँह से दूँ
विजयादशमी की बधाई,
जब आज तक
मिटा न सका 
अपनी एक भी बुराई?

कृपा निधान से
बस इतनी है
विनती,
रखे दया दृष्टि 
और क्षमा करे 
गलती,

हो सके तो 
इस बार दशहरा
कुछ ऐसे मनायें,
सुख-दुःख बाटें
सभी से और
दिलों से दिल मिलायें 

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, रविवार 25-अक्टूबर-2020

रविवार, 18 अक्तूबर 2020

सब बेकार!

सर 
झुक गया है
शर्म से
क्योंकि
फिर एक बेटी
आज हुई शर्मसार,


अपने ही गाँव
गली, घर में 
दरिंदों ने कर डाली 
उसकी आत्मा
तार-तार,

ऐसा क्यों होता है
बार बार?
कानून है-
लेकिन सब बेकार,
समाज है-
लेकिन
उसको  नहीं 
नहीं सरोकार,

कोई कहता है  
कपडे पहनने का 
नहीं है ढंग
और 
लड़की के
अच्छे नहीं संस्कार,

फिर कहते  हैं 
क्यों घूमती है 
सिनेमा और पार्क में 
लड़कों को
बना के यार,

और अब?
अब कह रहे हैं 
सिखाओ आत्मरक्षा 
और 
लड़कियों के हाथों में 
दे दो हथियार,

नहीं डरेगी 
किसी से
फिर जब 
कोई आएगा पीछे
तो भगा देगी 
उसको मार,

मुझे  
हंसी आती है 
इन बचकानी 
बातों पर 
जिसका 
सच्चाई से
नहीं कोई सरोकार,

अरे!
ये तो बताओ
कैसे सिखाओगे 
छह महीने की
दूधमुहि बच्ची को 
करना
दुष्टों का प्रतिकार?


कैसे लड़ेगी 
पत्थर और डण्डे से 
बन्दूक पकड़े
लफंगों के साथ 
जो मिलके
आये हैं चार?

और उनको क्या 
सिखाओगे 
जब हैवानियत होते 
समय 
पास खड़े थे
माँ-बाप, भाई 
लाचार?

फिर उन
उम्र-दराज़ 
महिलाओं को 
क्या सिखाओगे 
होता है 
जिनके अस्मिता 
पर वार?

कौन सा पैंतरा 
सिखाओगे 
उस लड़की को 
जिसे आरोपी
जिन्दा जला देता है 
सरे बाजार?

अरे कुछ तो 
खुद भी
करके दिखाओ,
कब तक?
आखिर कब तक 
बेटिओं को ही
ढहराओगे 
हर बात के लिए
जिम्मेदार?

कब जायेगा
तुम्हारा ध्यान
असली समस्या पर 
और कब सिखाओगे
अपने लड़को को
सही आचार?

क्यों नहीं बदलते 
उसकी सोच 
और 
लड़कियों के प्रति 
उनका रवैया- 
उनका व्यवहार?

सब बेकार!
जब तक 
बदलेगी नहीं
हमारी सोच  
तब तक, 
ये बातें हैं सब बेकार!

सब बेकार!
तब तक, सब बेकार!

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, रविवार 18-अक्टूबर सितंबर-2020

सोमवार, 28 सितंबर 2020

हेंड्रिक मार्समान और हॉलैंड की स्मृतियाँ

सन् 1999 में नीदरलैंड्स की दो संस्थाओं "पोएट्री इंटरनेशनल" और "आर.एन.डब्लू।"  ने एक सर्वेक्षण के जरिए बीसवीं सदी की महान डच कविताओं का चयन किया उसमें से एक थी हेंडरिक मार्समान की लिखी कविता "हेरिनरिंग आन होलाण्ड" जिसके शीर्षक का हिंदी अनुवाद होता है "हॉलैंड की स्मृतियाँ"| 

हेंडरिक मार्समान बीसवीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण डच कवियों में से एक थे| वे पेशे से वकील लेकिन उन्होंने ने साहित्य के प्रति समर्पित भावना रखी और वे कवि होने के साथ ही प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध के बीच एक प्रभावशाली आलोचक और संपादक बने। उनके लेखन में परम्परागत यूरोपीय संस्कृति के प्रति एक अनूठा आकर्षक दिखता है पर उनकी शैली मुखर और स्वतंत्र सोच लिए होती थी| सन् 1918 में उनकी पहली कविता स्ट्रोमिंघेन (Stroomingen) नाम की में छपी और 1920 उनका पहला कविता संग्रह छपा| सन् 1925 में De Vrije bladen (“मुक्त पत्रकारिता”) के संपादक बने और प्रभावशाली युवा साहित्यकारों में शुमार हुए| मात्र 20-22  साल के लेखन के में उन्होंने 27 किताबें लिखीं जिनमें से 3 उनके मृत्यु के बाद प्रकाशित हुई| उनकी लिखी कविता नीदरलैंड्स के "लाइडेन" और जर्मनी के की राजधानी "बर्लिन" में दीवार पर उकेरी गयी हैं| 

मार्समान का जन्म 30-सितम्बर-1899 को 'जेइस्त' नाम के एक छोटे से कसबे में हुआ जो निदरलैण्ड्स के मध्य क्षेत्र के एक प्रमुख शहर उत्रेख्त के पूर्वी छोर में बसा है| जो लोग हॉलैंड के भूगोल को नहीं जानते उनके लिए यह कहना उचित होगा कि उनकी जन्मस्थली एम्स्टर्डम से कुछ 60 किमी की दूरी पर है| 

'हेंडरिक मार्समान' नाम से मेरा परिचय तब हुआ जब मैंने एम्स्टर्डम से 30 किमी दूर एक शहर "अल्मेर" में रहने गया| भारत की तरह ही, निदरलैण्ड्स में भी शहर के हिस्सों को किसी न बस्ती के नाम से जानते हैं| अल्मेर शहर के जिस हिस्से में मेरा घर है उसका नाम है- "लिटरेचर वाइक" जिसे हिंदी में "साहित्यनगर" के जैसा कह सकते हैं| विशेष बात यह कि इस नाम के अनुरूप हमारे मुहल्ले के सारी गलियों के नाम दुनिया भर के और विशेषतः डच या यूरोपियन साहित्यकारों के नाम पर रखे गए हैं| आप समझ ही गए होंगे कि हमारी गली का नाम उनके ही नाम पर रखा गया है- "हेंडरिक मार्समानस्त्रात"| 

साहित्य के प्रति प्रेम ने मुझे उनके नाम और काम के विषय में खोजने के लिए प्रेरित किया और तब मुझे उनकी अमर कविता "हॉलैंड की स्मृतियाँ" के विषय में पता चला| यह कविता उन्होंने १९३६ में लिखी थी जब वो अपने लेखन और व्यवसाय के चलते हॉलैंड से निकल कर यूरोप के अन्य देशों में रह रहे थे| 

उनकी ये कविता कई भाषाओँ में अनुवादित हुई है जिनमें से एक है आयरिश कवि 'माइकल लोंगले' द्वारा सन् 1939 में किया गया अंग्रेजी अनुवाद| मैंने उसी कालजयी कविता का हिन्दी अनुवाद करने का प्रयास किया है| हेंडरिक मार्समान लिखते हैं: 

हॉलैंड की याद आने से 
उभरते हैं दृश्य 
उसकी चौड़ी नदियों के
जो बहती हैं तराईयों में
अनंत तक, 

[नीदरलैंड का अधिकांश भाग समुद्र तल से नीचे राइन-मूस-स्कैल्ट के मुहाने पर बसा है और पुरे देश में बड़ी नदियों की जाल बिछी हुई है| मार्समान इसे ही याद करते हैं इस पद में ]

अनमने खड़े
विचित्र से पतले
चिनारों की 
लम्बी कतारें
और उन पर छायी
कोहरे की परतें 
जो बिखरी हुई हैं 
क्षितिज पार तक,

[पतले और ऊँचे चिनारों से पूरा देश भरा हुआ है और ऋतु परिवर्तन के समय अकसर कोहरे से भरा मौसम होता है सुबह के समय जिसका वर्णन मिलता है इस पद में]

दूर कहीं दिखाई पड़ते
छोटे-छोटे निर्माणों 
की झलकियाँ 
जो फैली हैं
सुदूर ग्रामीण प्रदेशों तक,

[आज भी जब आप महामार्ग से जाएं तो दूर दूर में छोटे-छोटे भवन आदि दिख जाते हैं फिर यह कविता तो 1936 की है तो अवश्य तब काम ही घर रहे होंगे जो दूर दूर में बनाये गए होंगे ]

पेड़ों के झुरमुट,
गाँव और बस्तियां,
ठिंगने से मीनार,
भव्य चर्च और
उनकी आहातों में लगे
एल्म के पेड़
जो उसकी शोभा  
को और बढ़ाते हैं,

[बाकि पश्चिमी यूरोप के देशों के सामान ही नीदरलैंड्स में भी हर शहर में चर्च हैं और बड़े शहरों जैसे देन बोश, मास्त्रिक, हेग आदि शहरों में भव्य चर्च आज भी देखते ही बनते हैं ]

झुका हुआ आसमान,
और कुहासे के
बीच से झांकता 
धूसर मोती सा
दिखाई देता सूरज,
जैसे मोतिओं का राजा*,

[मार्समान ने बादलों से ढके आसमान को झुके हुए आसमान की संज्ञा दी और कुहासे से झाँकते सूरज के धूसर रंग को भी मोती सा लिखा है| सर्दी के मौसम में यह मनोरम दृश्य हमेशा ही देखे पड़ती है] 

और बस्ती-बस्ती में
पानी की
चेतावनी भरी आवाजें
शायद किसी विपत्ति
की आहट से 
डरी-सहमी हुई| 

[मार्समान ने जब यह कविता लिखी वो प्रथम विश्वयुद्ध के बाद और द्वितीय विश्वयुद्ध के बीच का समय था| उन्होंने इन पंक्तियों में पानी के थपेडों को तब के उहापोह से जोड़कर बहुत ही खूबसूरती से चित्रित किया है]

* उन्होंने जननी लिखा है

इस कविता में अपनी मातृभूमि की स्मृतियों के साथ भविष्य के प्रति मार्समान के मन में चल रहे उहापोह की स्पष्ट झलक मिलती है जो उनके साहित्य में प्रमुखता से परिलक्षित रही| और उनकी कुशंकाओं के अनुरूप ही उनकी मृत्यु केवल 40 वर्ष की आयु में 20 और 21-जून-1940 की अभागी रात को फ़्रांस से इंग्लैंड की समुद्री यात्रा के दौरान "बिस्के की खाड़ी" में हुई| 

तब तक द्वितीय विश्वयुद्ध छिड़ चुका था और वे "एस एस बेरेनिस" नाम जहाज में सवार होकर फ़्रांस से भाग कर इंग्लैंड शरण लेने जा रहे थे| उस जहाज में 47 लोग सवार थे जिसमें उनकी पत्नी भी थी जो भाग्य से बच निकले ८ लोगों में से एक थी| उस जहाज के डूबने के विषय में दो सम्भावित कारन बताये जाते हैं - या तो उसके इंजिन में कुछ तकनिकी खराबी के कारन विस्फोट हुआ या कि जर्मन युद्धपोत का निशाना बन गया जिसने उस जहाज को एक सामरिक जहाज समझकर मार गिराया| कारन चाहे जो भी पर इस दुर्घटना ने यूरोप के इस महान युवा साहित्यकार को असमय ही हमसे छीन लिया| 

उनकी पहली किताब छपने की शताब्दी बीत जाने के बाद भी हेंडरिक मार्समान अपनी कविताओं और साहित्य के बलबूते अपने पाठकों और प्रशंसकों के दिलों में हमेशा हमेशा अमर रहेंगे| 

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, रविवार 27-सितंबर-2020

स्रोत:

१) http://4umi.com/marsman/herinnering
२) https://en.wikipedia.org/wiki/Hendrik_Marsman
३) https://web.archive.org/web/20100622000914/http://www.nrcboeken.nl/recensie/denkend-aan-komrij
४) https://www.dbnl.nl/auteurs/auteur.php?id=mars005
५) https://www.britannica.com/biography/Hendrik-Marsman

मंगलवार, 22 सितंबर 2020

विद्रोही

साहित्यकार तो अपने आप में
सत्ता का शाश्वत विपक्ष होता है
आँखे मूँद भाण्ड बन जाए तो
इतिहास खून के आंसू रोता  है 

कवि कुमार विश्वास के मुँह
मैंने कहीं कभी सुनी ये बात
थी अच्छी लगी दिल को मेरे
इसलिए रह गयी मुझे याद 

यूँ मैं भी खुद को अकसर
विपक्ष में ही खड़ा पाता हूँ
भीड़ से अलग चलता हूँ
सो "विद्रोही" कहलाता हूँ 

कांग्रेस ने बहुत दिनों तक
यही शातिर चाल चला है
वर्ग विशेष की तुष्टि कर
सचमुच में देश को छला है 

पर पधारे हैं जो अब की बार 
उनकी भी तो छटाएँ अलग हैं
डूबे अर्थव्यवस्था, मरे मजदूर
पर दोष न लगे पुरे सजग हैं 

जी ऐसा नहीं  है कि मैं सिर्फ
दूसरों पर ही उंगली उठाता हूँ
खुद की समीक्षा भी करता हूँ
तभी रात बेफिक्र सो जाता हूँ

सोमवार, 21 सितंबर 2020

कहावतों की उलझन

कहावतों की उलझन 
---------------------------------------------

कहावतें भी कभी-कभी 
बात समझाने के बदले 
उलझन बढ़ाते हैं,
आप नही मानते 
तो चलिये
आपको 
कुछ कहावतें
सुनाते हैं| 


जो कहते हैं 
ईश्वर है
सबका रख वाला,
तो फिर क्यों कहते हैं 
भूखे भजन 
न होए गोपाला?  


जब काजल की 
कोठरी में जाने से 
हाथ
हो जाते हैं काले,
तो साँपों से लदे
चन्दन 
की लकड़ी 
क्यों नहीं बनते 
विष वाले?


वो कहते हैं 
मीठा बोलो 
और न दुखाओ 
दिल किसी का,
तो फिर
क्यों कहते हैं 
भावनाओं को देखो 
और भूल जाओ 
उसके शब्द
और तरीका? 


जो कहते हैं 
ऊपर वाला 
सब देखता है भाई, 
तो फिर क्यों कहा 
समरथ को 
नहीं दोष गोसांई? 


अजी छोड़िए,
ये उलाहने  भी 
अपनी सुविधा से
बनाए जाते हैं,
जहाँ जैसा हो मौका
वैसे तीर
चलाये जाते हैं|


==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, सोमवार 21-सितंबर-2020

रविवार, 20 सितंबर 2020

कुछ दोहे

 ========================

बिटिया घर से हो विदा

अजब बनी यह रीत

माँ-बाबा कैसे सहें

बिछुड़े उनकी प्रीत


========================


गुरु वंदना में पहला दोहा:


महिमा वेद-पुराण भी, जिनकी करें बखान

गुरु के बिन मिलता नहीं, जग में कोई ज्ञान


श्याम नाम मीरा भजे, 

सबरी जपती राम

वे ही सागर प्रेम के,

वे ही पूरन काम 


========================


रक्षाबंधन के लिए मेरा प्रयास:



रेशम डोरी प्यार की, बाँध कलाई आज

भाई से बहना कहे, रखना इसकी लाज


और


रेशम प्रेम प्यार का, बँधा कलाई आज

भाई को ऐसा लगे, मिला स्वर्ग का राज

सोमवार, 14 सितंबर 2020

हिन्दी?

 हिन्दी?
----------------------------

हिन्दी तो 
उस गरीब माँ की तरह
अभागन हो गयी है 
जिसके बच्चे
पढ़ लिख कर 
जब ऊँचे रहन सहन का
हिस्सा बन जाते हैं,
फिर तो सबके सामने 
अपने माँ-बाप के 
पैर छूना तो दूर 
उनसे बात करने से भी
कतराते हैं| 

 
हिन्दी? 
हिन्दी तो
उस गाँधीवाद के समान 
एक ढकोसला
बन गया है
जिसके गुण तो
बढ़ाचढ़ा कर
सभी गाते हैं
वाह-वाही
लूटने के लिए,
लेकिन अपनाता
कोई नहीं| 


हिन्दी?
हिन्दी तो
सनातन धर्म के 
उन मूल्यों के समान
हो गयी है,
जिसके नाम पर 
विश्व-गुरु होने की 
बात तो सभी करते हैं
लेकिन 
उसके परम्पराओं और
संस्कारों को
पुराने और
दकियानूसी सोच का
हिस्सा मानकर
उसका पालन 
खुद नहीं करते| 


यदि ऐसा नहीं है
तो क्यों
पितृपक्ष में 
किये जाने वाले
मातृ-नवमी के 
वार्षिक तर्पण के समान 
बस एक दिन 
"हिन्दी दिवस" मनाकर 
हम अपने कर्तव्यों 
की पूर्ति मान लेते हैं? 


क्यों हिन्दी
हमारे रोजमर्रा 
का हिस्सा नहीं है?
==============================
मनीष पाण्डेय “मनु” लक्सम्बर्ग,
हिन्दी दिवस सोमवार 14-सितंबर-2020

गुरुवार, 3 सितंबर 2020

ये तो चीटिंग है

ये तो सरासर चीटिंग है विधाता
भला है कौन ऐसे रिश्ते निभाता 


तुमने कहा था तुम रक्षक हो मेरे
छाया तुम्हारी होगी साँझ सवेरे 
बादल दुखों के न कभी मुझको घेरे
हमेशा रहोगे तुम जो साथ मेरे 
कैसे तो फिर यूँ मुसीबत है आता
ये तो सरासर चीटिंग है विधाता


पत्ता ना डोले बिना तेरी मर्जी
फिर क्यों भला छाई इतनी खुदगर्जी
लोगों को ठगते बने बाबा फर्जी
सुनो तो हमारी लगाते हैं अर्जी
लालच में आदमी कुछ भी कर जाता
ये तो सरासर चीटिंग है विधाता


दिया दे करम जो मेरे हाथ में है
क्यों परिणाम भी फिर नहीं साथ में है
मेहनत गरीबों की दिन रात में है
भरे जेब सेठों की हर बात में है 
करें भी तो क्या कुछ समझ नहीं आता 
ये तो सरासर चीटिंग है विधाता


भलाई से हमेशा होता ना भला
सच्चाई तो जाने किस कोने डला
चलके भी राह सीधे नहीं कुछ मिला
बस जीते वही जो दांव उलटे चला
हेल्दी खाने से स्वाद नहीं आता
ये तो सरासर चीटिंग है विधाता

==============================
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, गुरुवार 03-सितंबर-2020

शुक्रवार, 14 अगस्त 2020

अच्छा हुआ

 हे! भरत,
अच्छा हुआ
तुम तब आये,
आज आते
तो
राम को 
वन भेजने का
सारा षड्यंत्र
तुम्हारा ही 
माना जाता।


हे! कुन्ती,
अच्छा हुआ 
तुम तब आयी,
आज आती
तो विपक्षी 
सीधे तुम्हें 
बंदी बनाके 
तुम्हारे बेटों की
कलाइयाँ
मरोड़ देते।


हे! प्रह्लाद,
अच्छा हुआ 
तुम तब आये,
आज आते तो
तुम भक्तराज
नहीं
अपने पिता के
प्राण हंता
कहलाते।


हे! सुदामा,
अच्छा हुआ
तुम तब आये,
आज आते तो
बाहर खड़ा
दरबान ही
तुम्हें टरका देता।


हे! अंगद,
अच्छा हुआ
तुम तब आये,
आज आते तो 
युवराज नहीं
बंदी 
बनाया जाते।


हे! दूर्वासा,
अच्छा हुआ
तुम तब आये,
आज आते तो
ऋषि मान
पूजे नहीं
लताड़े जाते।


मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, १४-अगस्त-२०२०

गुरुवार, 13 अगस्त 2020

अपना पराया

 सटीक उत्तर,
करारा जवाब
किसे दें?
कौन अपना है?
कौन पराया?

अर्जुन ने
गुरुओं पर
तीर चलाया,
दुर्योधन ने
अपने ही
कुल दीप को
माँद में बुझाया।

सुग्रीव ने
किसी और के
कन्धे से बाण चलाया
विभीषण ने
अपने घर का
सब भेद
आक्रांता को बताया।

आपस में फूट ने
मुग़लों को
बनाया शहंशाह
और
अंग्रेजों ने
ले जाने
लूट का सामान
खोले बन्दरगाह।

आँख के बदले
निकालोगे
आँख
तो दुनिया
हो जाएगी अंधी।
और
संकुचित विचारों से
अपनी ही आत्मा
ना बनाओ
बन्दी।

किसकी कहें?
हमाम खाने में
सभी हैं
नंगे,
नहीं मिलता
स्नान का पुण्य
जब बस
गिर जाने से
कहो
हर हर गंगे।

मन को
करो साफ़
और ख़ुद के
अंदर झांक,
निकालो एक रचना,
गीत, गजल
कोई मुक्तक
या दोहा।

हम भी पढ़ेंगे,
सीखेंगे और
वाह कहेंगे।

-----------------------------------------

मनीष पाण्डेय, "मनु"
अलमेर, नीदरलैंड्स, गुरुवार 13 अगस्त 2020

अटल कीर्ति

 था दुश्मन बैठा ताक में
वे नोबेल के फ़िराक़ में

बस में बैठ गए जाके
जनता मूरख बन ताके

ध्यान जो भटका लीडर का
वही है मौक़ा गीदड़ का

अंधेरे में करके सीमा पार   
आया कारगिल के द्वार

पीठ में खंजर जो घोंपा
समझ में आया तब धोका

देश की आन बचाने को
दुश्मन को मार भगाने को

जहां पर जम जाती है हाड़
वहाँ पर अपना झंडा गाड़

बढ़ाई भारत माँ की शान
शीश दे वीरों ने बलिदान

लड़े हैं और लड़ेंगे हम
दाँत खट्टे करेंगे हम

दुश्मन भी जाने है ये बात
तभी तो छुपके करता घात

अगर तुम खोए ना होते
माँओं के पूत नहीं खोते

मगर तुम भी भारत के लाल
इसलिए कहता बात सम्हाल

तुम्हारे जैसे नेता आज नहीं
कुर्सी को लड़ते लाज नहीं

कवि हृदय था कोमल मन
करता हूँ तुमको आज नमन

करते थे राजनीति निश्छल
है कीर्ति तुम्हारी सदा अटल

-----------------------------------------
मनीष पाण्डेय, "मनु"
अलमेर, नीदरलैंड्स, गुरुवार 13 अगस्त 2020

मंगलवार, 11 अगस्त 2020

राहत इंदोरी को श्रधांजलि

राहत इंदोरी को श्रधांजलि

————————

यूँ बेरुख़ी से अपना दामन छुड़ा के चला जाएगा

सोचा नहीं था वो इस तरह दिल दुखा के चला जाएगा


यू तो रोज़ जाने कितने लोग जाते हैं इस जहान से

क्या पता था वो एक ज़लज़ला उठा के चला जाएगा 


उसकी ग़ज़लों ने सिखाया ग़मों में भी मुस्कुराना

हम न समझे थे वो एक दिन रुला के चला जाएगा


मालूम था महफ़िल से होगा रुख़सत वो एक दिन

ये तो नहीं था कि भीड़ को तनहा बना के चला जाएगा 


उसके होने से लिया करते थे हम राहत की साँस 

मालूम न था वो दिलों में सुराख़ बना के चला जाएगा 


————————

मनीष पाण्डेय, लक्सम्बर्ग

११-अगस्त २०२०

मंगलवार, 28 जुलाई 2020

कविता की खुशबु

देर रात
लगा जैसे
किसी ने
आवाज लगाई

देखा तो
पता चला
एक कविता
बैठी है
मेरे सिरहाने
चुपके से आकर

अचंबित!
मैंने पूछा
अरे कविता तुम?

प्यारी सी
मुस्कान के साथ
बोली
तुम नहीं आये न
बहुत दिनों से
मेरे पास
तो मैं ही
चली आयी
तुम्हारा हाल पूछने-
अच्छे तो हो न?

नहीं,
कई दिनों से
दिल उदास था
और कुछ
अच्छा
नहीं लग रहा था
लेकिन
तुम आयी हो ना
तो अब
मेरा दिल
बहल गया है|

तुम्हारा शुक्रिया
मेरी कविता,
मुझे
ख़ुशी हुयी
ये जानकर
कि तुम्हें 
फ़िक्र है मेरी| 

कविता 
फिर से मुस्कुराई 
और बोली 
मैं गई ही कब थी
तो आऊँगी
मैं तो
तुम्हारे अंदर ही हूँ
जब भी
अपने भीतर झाकों
मुझे हमेशा
अपने साथ पाओगे |

मैंने हाथ बढ़ाया
उसे छूने
तो वहां
कोई नहीं था
मगर
मेरे हाथो में
एक भीनी सी
खुशबु

जरूर भर गई थी

खुशबु
एक नयी
कविता की

बुधवार, 1 जुलाई 2020

दोस्ती

बहुत
अनूठा सा है
ये रिश्ता

उन सब से
अलग
जो बस 
बनते चले गए
जन्म के साथ 


ये रिश्ता तो
हमने 
खुद बनाया है
बचपन के 
भोले पन से 
सुरु कर के
और
निभा रहे हैं  
तरुणाई के रास्ते 
आज तक

इस रिश्ते में 
नहीं है
कोई ऊँच-नीच 
का झँझट
और ना ही  
कोई
प्रतिबन्ध है 
आदर्श के
किसी साँचे में 
उतरने का 

इस रिश्ते में 
तुम हो 
अपने आप 
के जैसे 
और मैं
भी हूँ
जस का तस 

नहीं है
कोई बनावट 
इसलिए 
नहीं लगता 
कि जैसे 
कोई साँकल 
पैरों पे
बाँधी हो 

और कोई 
दिखावा भी
नहीं है
तभी तो 
कभी नहीं 
होती घुटन 
तुम्हारे
आस पास
होते हुए 

भले ही 
लम्बे समय तक 
नहीं होती बात 
पर 
जब भी मिले 
वही गर्माहट 
और वही 
उन्मुक्त 
हँसी-ठहाके

खुद को 
बड़ भागी  
समझता हूँ 
के तुम 
मेरे साथी
मेरे मित्र हो

ईश्वर से 
करता हूँ 
यही प्रार्थना 
कि
तुम रहो
सदा खुशहाल
और
हमारी ये दोस्ती 
हमेशा ऐसे ही 
बनी रहे| 

-----------------------------------------
मनीष पाण्डेय, "मनु"
लक्सेम्बर्ग, बुधवार ०१ जुलाई २०२०

कुछ - 2


वो जो तुम
कहती हो ना
"कुछ"
ला रहे हो क्या
बच्चों के लिए

मैं जब भी
बाहर जाता हूँ
काम से

क्या तुम
जानती हो
कि मुझे
पता चल जाता है
अनकहे से
प्यार के
इजहार का

मैं जानता हूँ
कि तुम्हें
मेरी याद
आती है
मेरे
दूर जाने से

और
क्या तुम
समझ पाती हो
उस बात का
मतलब?

जब मैं
ये कहता हूँ
कि क्या
तुम्हें भी
"कुछ" चाहिए?

उसका मतलब
ये होता है कि
मुझे भी
तुमसे
उतना ही प्यार है|


-----------------------------------------
मनीष पाण्डेय, "मनु"
लक्सेम्बर्ग, बुधवार ०१ जुलाई २०२०

कुछ

वो जो तुम
पूछते हो ना
"कुछ"
लाना है क्या?

जब भी
बाहर जाते हो
काम से

क्या तुम
जानते हो
कि मुझे
पता चल जाता है
अनकहे से
प्यार के
इजहार का

मैं जानती हूँ
कि तुम्हें
मेरी याद
आती है
दूर जाके!

और
क्या तुम
समझ पाते हो
उस बात का
मतलब?

जब मैं
ये कहती हूँ
कि नहीं
मुझे तो
"कुछ"
नहीं चाहिए

उसका मतलब
ये होता है कि
मेरे लिए
तुम्हारा प्यार ही
"सब कुछ" है|

-----------------------------------------
मनीष पाण्डेय, "मनु"

लक्सेम्बर्ग, बुधवार ०१ जुलाई २०२०

मंगलवार, 23 जून 2020

चलते चलते

कविता की पाठशाला - गृह कार्य ३ - दिए हुए मुखड़े पर अन्तरे लिखें
---------------------------------

कहाँ आ गये चलते चलते
12     2   12  112  112     = 16
और कहाँ जाना
21   12   22                     = 10 => 26
भूल गए धरती की ख़ुश्बू
21  12  112   2   112       = 16
चिड़ियों का गाना
   112    2   2 2                 = 10 =>26

बतियाते सर्जन की बात
  11 22    211   2   21     = 15
कर निसर्ग का नास
  11  121    2   21           = 11 =>26
प्लास्टिक से पाटी अवनि
211        2   22   111       = 13
सेटेलाइट आकाश
22211      221                 = 13 =>26
शस्य श्यामला धरती रोती
  21   212      112   22    = 16
बन कचरा खाना
11    112    22                = 10 =>26

खुद से चलने लगे मशीन
  11  2  112   12  121     = 15
करने लगे विचार
  112  12  121                = 11  =>26
स्मार्ट हो गए टेलीफोन
 21    2   12   2221         = 15
लोग हुये लाचार
21   12   221                  = 11  =>26
पैदा होते सीख रहे
22   22    21   12            =  14
इंटरनेट चलाना 
21121   122                   = 12  =>26

-------------------------------------------
मनीष पाण्डेय, "मनु"
लक्सेम्बर्ग गुरुवार १८ जून २०२०

गुरुवार, 18 जून 2020

देश द्रोही

देश द्रोही
------------------------------------

आज जब
चुनी हुई
सरकार के कारिंदे

अपने ही देश के
नागरिकों को
ठहराते हैं
देश द्रोही


और भर देते हैं
जेल में


सिर्फ इसलिए कि
उन्होंने पूछे
कुछ सवाल


और
उठाये कुछ मुद्दे
जो दिखाते हैं
आईना


तो फिर
फिर सोचती होगी
ब्रितानी फ़ौज के
अफसरों  की आत्मायें


कि हमने
किया क्या गलत
किसी पराये देश के
गुलामों को


जेलों में भरकर
और गोलियों से भून

जो कर रहे थे
खुला विद्रोह
राज सत्ता के विरूद्ध
------------------------------------
मनीष पाण्डेय, "मनु"
लक्सेम्बर्ग गुरुवार १८ जून २०२०

शुक्रवार, 12 जून 2020

व्हाट्स एप ग्रुप की सदस्ता

व्हाट्स एप ग्रुप की सदस्ता
------------------------------------------------

कोई मुझे भी ग्रुप से निकाल दे, अनूप दादा बन जाऊँ
बेकार की बातों से फुर्सत हो के, कविता में ध्यान लगाऊँ

किसी और की फारवर्ड नहीं, अपनी कविता लिखूंगा
कविताई पे दूंगा ध्यान, और कुछ नया सीखूंगा

गीत गजल और नवगीत, सब को थोड़ा और समझूंगा
बड़े बड़ों ने जो लिक्खा है, उसका थोड़ा और पढूंगा

थोड़ी समझ बढ़ जाये तो, अच्छी कविता लिख पाऊँ
कोई मुझे भी ग्रुप से निकाल दे, अनूप दादा बन जाऊँ

------------------------------------------------
मनीष  पाण्डेय "मनु "
लक्सेम्बर्ग, शुक्रवार १२-जून २०२० 

बुधवार, 10 जून 2020

मैं स्वास नहीं ले सकता हूँ

मैं स्वास नहीं ले सकता हूँ
मैं स्वास नहीं ले सकता हूँ

क्यों ऐसे तुम मेरी गर्दन
अपने घुटनों में जकड़े हो
तुम जैसा ही मानव हूँ मैं
क्यों बाँध मुझे यूँ पकड़े हो
तुम तो वर्दी में आये हो
प्रतिकार नहीं दे सकता हूँ

जाने दो मुझको घर मेरे
इक बेटी राह निहारे है
हाँ छोटा सा घर मेरा है
जो चलता मेरे सहारे है
बाकी हैं मेरे काम बहुत
यूँ  प्राण नहीं दे सकता हूँ

तुम समझ नहीं सकते मुझको
पर कम से कम ये काम करो
मैं जन्मा ही अपराधी हूँ
मत अपयश मेरे नाम करो
पहले ही पीड़ित शोषित हूँ
दुख और नहीं सह सकता हूँ

-------------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्ज़ेम्बर्ग बुधवार 10 जून 2020 

रविवार, 7 जून 2020

मानव तू केवल कठपुतली - नवगीत

मानव तू केवल  कठपुतली - नवगीत
-------------------------------------
कुदरत के
इस रंगमंच का,
मानव
तू केवल
कठपुतली

पहुँच गया है
द्वार चाँद के
बना लिया है
उड़न खटोला
डींग हाँकता
घूम रहा है
आखिर तू ठहरा
बड़बोला
आया एक
विषाणु जिसने
कर दी तेरी
हालत पतली

अगड़े-पिछड़े
भेद ना कोई
देश पड़े हैं
चित चौखाने
किसे बचाएँ
छोड़े किसको
अपने कौन
कौन बेगाने
धंधा-पानी
सब चौपट है
जान बचाना
जंग है असली

जंगल काटे
जल-थल लूटा
किया निसर्ग का
रूप भयंकर
इतराता था
है विकास कह
बन के बैठा
बड़ा सिकंदर
खोदा उस
गड्ढे में गिरके
अकड़न सब
तेरी निकली

--------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्ज़ेम्बर्ग, रविवार ७ जून २०२०

शुक्रवार, 5 जून 2020

फर्क


एक हथिनी को 
मार डाला
किसी विक्षिप्त ने
हाय!
वो तो
गर्भिणी थी


अब मचा है
पुरे भारत में
कोलाहल 
और 
सब लगे हैं
उसकी निन्दा में

वैसे ही जैसे
ऑस्ट्रेलिया के
जंगल की आग में
जले अनगिनत
पशु-पक्षियों
के लिए
पीट रहे थे छाती

कपटी इन्सान!
खड़ियाली
आंसू बहाने में
माहिर है

क्या वो सब

जीव नहीं हैं
जिन्हे मारकर
रोज सजाता है
अपने खाने की
थाल?

कोई अपने
उन्माद के लिए
मारता है
तो कोई अपने
स्वाद के लिए

पर मारते तो
दोनों हैं ना?

समझायेगा
कोई मुझे
ऐसे मारने
और वैसे मारने
का फर्क?

--------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्सेम्बर्ग, शुक्रवार ०५-जून -२०२०

बुधवार, 3 जून 2020

भारत की माटी

भारत की माटी
-----------------------------

माटी होती है माटी तो
देश की हो या पर-देशी हो
सुरभि सौंधी हवा महकती
बरखा की बूँदें पड़ती जो

पर मेरे भारत की माटी
चन्दन बन माथा चमकाती
दाना, पानी और बिछौना
माँ के जैसे सब कुछ लाती

जिसमें मेरा बीता बचपन
यादों में है वो घर आँगन 
खेले खेल जहाँ हमजोली
उन गलियों में खोया है मन


भारत से तुम जा सकते हो
लेकिन नहीं भुला सकते हो
अपने साँसों में तुम उसकी
खुशबू हरदम पा सकते हो

उस माटी से बना हुआ हूँ
इसीलिए तो जुड़ा हुआ हूँ
फिर से उसमें मिल जाऊँगा
इस आशा में बँधा हुआ हूँ

भारत ही मेरी माँ रहती
वो भी मेरी राहें तकती
बरसों बीते बिछड़े तुमसे
आ जा मेरे बेटे कहती 

----------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्ज़ेम्बर्ग, बुधवार 03-जून-2020 




ना था कोई लक्ष्य विशेष
जाने कौन घड़ी थी जिसमें 
निकल चला आने परदेश   

मैटर उठा के लिखता हूँ

कविता तो मैं इधर-उधर से, मैटर उठा के लिखता हूँ
पापा लाईक नहीं करते, छुपके-छुपाके लिखता हूँ

लिखने-कहने जैसा क्या जो, आलरेडी मौजूद नहीं
मेरे जैसे न्यू-कमर्स का, यूँ भी कोई वजूद नहीं
मैं भी किसी से कम नहीं, ये ईगो चढ़ाके लिखता हूँ
कविता तो मैं...

पढ़ने से जादा लिखता, एव्हरी-बडी को सुनाता हूँ,
तुलसीदास से बेटर है, सोच के मैं ईतराता हूँ
ऐरी-गैरी कैसी भी हो, स्टाइल दिखाके लिखता हूँ
कविता तो मैं...

अपने मन-की-बात ही कहना, सिस्टम आज प्रभावी है
छोड़ दो मज़दूरों की बातें, सीजन नहीं चुनावी है
अच्छे से दोनों कानों में, कॉटन लगा के लिखता हूँ
कविता तो मैं...

जिनको नहीं पसंद आ रही, आँखें अपनी कर लें क्लोज़
अच्छी जिनको लग जाए, फ़ॉर्वर्ड करते जाएँ रोज़
दुनिया चाहे दे गाली, मैं स्माइल सजाके लिखता हूँ
कविता तो मैं...

------------------------------------------------
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, मंगलवार ०२-जून-२०२०

कठपुतली - 1

कुदरत के इस रंगमंच का मानव रे तू कठपुतली है

चाँद के दर पे जा पहुंचा, एक बनाके उड़न खटोला
जीत लिया संसार कि जैसे गाल बजाता था बड़बोला
एक विषाणु आया है और देख हुई हालत पतली है
कुदरत के इस रंग मंच का....


जंगल काटे, धरती बाँटी, सागर को भी छान लिया था
उड़े गगन में ऐसे जैसे खुद को ईश्वर मान लिया था
तूने सोचा इत्ते भर से किस्मत तेरी चल निकली है
कुदरत के इस रंग मंच का...


छोटे-मोटे देशों की क्या बड़े-बड़े बेहाल हुये हैं
जहां-तहां बिस्तर पे देखो पड़े-पड़े कंकाल हुये हैं
धंधा पानी चौपट है पर जान बचाना ही असली है
कुदरत के इस रंग मंच का....

सोमवार, 1 जून 2020

सही-ग़लत की बात

जो मानते थे कि में कण कण में भगवान है
उनके लिए फ़र्क़ नहीं था पेड़ है या इंसान है

जो समझते थे उसका ही, चाहे धूप हो या छाँव
वो करते थे नमन रखने से पहले धरती में पाँव

तुम भी मैं और मैं भी तुम तो फ़र्क़ क्या रह जाता है
मानने-मनाने के कि लिए तर्क क्या रह जाता है

कहने को कह देना भी कोई कहने लायक बात है
ऐसे मुँह देखी करके तो कुछ ना आता हाथ है

कहते थे वैसा करते थे जैसे संत कबीर
रहिमन के दोहे बतलाते रखना थोड़ा नीर

नास्तिक नहीं मगर मैं डरता हूँ इंसान से
इनकी पूजा करनी पड़ती पहले उस भगवान से

अपनी सुविधा से जैसे ये अदा बदल लेते हैं
छोड़ें फटे-पुराने कपड़े वैसे ख़ुदा बदल लेते हैं

छोटी मुँह से बात बड़ी है,  करना मुझको माफ़
ऐसा क्यों है बतलाना ये करके दिल को साफ़

बात वही सुनना चाहे जो उसके मन को भाय
सही-ग़लत की बात कहो, तो हमको क्यों गरियाय

जितनी आसानी से हम लिख जाते हैं हर बात
उसको पालन करना क्यों न रहता हमको याद
—————————-
मनीष पाण्डेय “मनु”
लक्सम्बर्ग, सोमवार ०१-जून-२०२०

बुधवार, 27 मई 2020

शब्द चितेरा


शब्द चितेरा 
-------------------------------------

कलम तूलिका हाथ लगा के, भावों से भर जाता हूँ
एक चितेरा शब्दों का, गीतों से रंग सजाता हूँ


कभी प्रेम की लीला रचता, या स्वारथ का दावानल
कभी दिखाता महासमर, या कभी सजाता रंग-महल
कभी बुढ़ापा कभी बाँकपन, सबके रूप दिखाता हूँ

कहीं उड़ेला गंध प्रेम का, कहीं प्रेम निर्वासित मन
कहीं छटाएँ हरियाली की, कहीं कटीले निर्जन-वन
कहीं रात की काली छाया, कहीं धूप बरसाता हूँ

केवल सुख से मोह नहीं, संताप भी रँगा करता हूँ
कमी हुई जो राग-द्वेष में, नव भावों से भरता हूँ
माँ की धवली आँचल में, नवजीवन रंग खिलाता हूँ

शब्दों को ऐसे बाँधा है , भावों के अनुबन्धों में
जीवन की कविता रंगी है, सतरंगी से छन्दों में
देश प्रेम का रंग बसंती, माथे पे चमकाता हूँ

-------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्सेम्बर्ग, बुधवार  २७ मई २०२०

रविवार, 24 मई 2020

मेरे साथ चल

मेरे साथ चल
----------------------------------------------------

तुम्हें स्वीकार मेरा साथ हो तो साथ चल
दे कर मेरे हाथों में अपना हाथ चल

नहीं मैं राम के जैसा कोई आदर्श वाला
न कृष्ण के जैसा ही कोई गुण निराला
भले न ठाठ हो ऊँचे महल में रहने वाला
मगर हाँ बाँट के खाऊँगा अपना हर निवाला

तुम्हें किस्से सुनाने है मेरी हर बात के
करूँ साझा तुम्हारे साथ हर दिन-रात चल

जब मन उदास हो, तो बस चुप बैठ जाता हूँ
कुछ हाथ लग जाए, तो फिर मैं ऐंठ जाता हूँ
कोई जो खीझ होती है, तो फिर बड़बड़ाता हूँ
लगे कोई बात अच्छी तो, उसे गुन-गुनाता हूँ

तुम्हें साथी बनाना है मेरे हर रंग का
बतानी है मेरे दिल की तुम्हें हर बात चल

-----------------------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्सेम्बर्ग, रविवार  २४ मई २०२०

रविवार, 17 मई 2020

थी प्रीत जहां की रीत सदा

जब जीरो दिया  मेरे भारत को
मेरे भारत को, मेरे भारत को
सबने मुझको लानत भेजी

गिनती से ज्यादा मुश्किल है
दुनिया को सीखने चलते हैं
तारों की बातें करते हैं
पर लोग तो भूखे मरते हैं

मिलता न दशमलव भाग में भी
जो दिल्ली से पैसा आता है
धरती और चाँद की दूरी से
इन्सान की दूरी ज्यादा है

सभ्यता जहाँ से गायब है
सभ्यता जहाँ से गायब है
स्वारथ की सबको आती कला

अपना भारत वो भारत है
जिसके पढ़े लिखे संसार में है
खुद आगे बढ़े, बढ़ते ही गए
पर देश तो पीछे छूट गया

भगवान भरोसे देश चले
फिर भी इसमें कुछ बात तो है
आओ सब-मिलकर काम करें
ताकि ये थोड़ा आगे बढे
बढ़ता ही रहे और फूले फले
बढ़ता ही रहे और फूले फले


(आगे और सुनाऊँ क्या?)

---------------------------------

थी प्रीत जहां की रीत सदा,
मैं गीत वहाँ के गाता हूँ
भारत का रहने वाला था,
भारत की बात सुनाता हूँ


काले गोरे का भेद नहीं
पर जात-पांत भरमाता है
कुछ और न आता हो हमको
पर बात बनाना आता है
जब ऊंच-नीच की बात चले-2
मैं अपने मुंह को छिपाता हूँ
भारत का रहने वाला था
भारत की बात सुनाता हूँ


जीते हों किसी ने देश तो क्या
हमने तो दिलों को जीता है
बस इसी भरम में भूले हैं
और देश अभी तक रीता है,
जब वोट की बात निकलती है -2
मैं नित-नित शीश झुकाता हूँ
भारत का रहने वाला था
भारत की बात सुनाता हूँ

इतनी ममता नदियों को भी
जहाँ माता कह के बुलाते हैं
पर खुद की माँ का पता नहीं
कैसे हम दिल को दुखाते हैं,
कैसा परिवेश बदलता है -2
ये सोच के मैं घबराता हूँ
भारत का रहने वाला था
भारत की बात सुनाता हूँ


इन्सान का आदर हो न भले
पत्थर तो पूजा जाता है
दिन-रात की मेहनत मेरी है
पर पैसा सेठ बनाता है
अब देख रही सारी दुनिया -2
मजदूर हूँ पैदल जाता हूँ 
भारत का रहने वाला था
भारत की बात सुनता हूँ


थी प्रीत जहां की रीत सदा
मैं गीत वहाँ के गाता हूँ
भारत का रहने वाला था
भारत की बात सुनाता हूँ 

शनिवार, 9 मई 2020

क्यों डालते हैं विघ्न?

क्यों डालते हैं विघ्न?
---------------------------------

ये भूखे-नंगे
और
जाहिल-गंवार लोग
जाने क्यों
बस मरने के काम
करते हैं?

और यदि
मरना ही है
तो क्यों नहीं मरते
भूख से
और बेकारी से
जहाँ हैं वहाँ
छिपकर?

ऐसे रास्तों में,
रेल की पटरियों पर,
या बैंक की क़तारों में
मर-मर कर
भला क्यों
मज़ा बिगाड़ते हैं
खेल-तमाशे का
बार बार?

क्या समझते हैं,
इनकी बेकार
की चीख पुकार से
करतल ध्वनि का
संगीत फीका पड़
जायेगा?

देखते नहीं
फूल बरस रहे हैं
आसमान से,
वैसे ही जैसे
रामायण और महाभारत
के दिनों में
स्वर्ग से बरसा करते थे?

इतने दीये तो
क्या उस दिन भी
जले होंगे
जिस दिन राम आये थे
अवध में लौटकर
चौदह बरस के बाद?

इतने मगन
तो लोग
क्या उस दिन भी
हुए होंगे
जिस दिन खुद
कन्हैया जमुना किनारे
बजाते थे बंसी?

इतनी देश-भक्ति
तो क्या तब रही होगी
जब देश था गुलाम
और लाठी टेकते गाँधी
सबको साथ ले
निकल पड़े थे
आजादी की राह में?

मन की बात
कहूं तो
लगता है कि
ये बेगैरत लोग
पैदा ही क्यों होते हैं
यूँ वक़्त-बे-वक़्त
मर जाने के लिए?

क्यों
बार-बार
डालते हैं  विघ्न
किसी के
महान से भी महानतम
होने के
अभियान में?

---------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
शनिवार ०९-मई २०२०, लक्सेम्बर्ग

बुधवार, 6 मई 2020

कोविद-१९ के दोषी कौन?

नीली आँखें
और अति गौर वर्ण,
तुम्हारा रूप तो
अतुलनीय है|

भ्रम होने लगता है
तुम्हे देख कर,
देवदूत?
यदि नहीं तो संभवतः
यक्ष या गन्धर्व?

देखा तो नहीं उन्हें
किन्तु लगता है,
वो तुम जैसे ही
दिखते रहे होंगे|


छोटे-छोटे
भू-भाग में बसे
किन्तु तुम
विश्व विजयी
और महा शक्तिशाली|

तुम्हारा
धन और वैभव
विशाल है,
और
सुख-सुविधाओं में
तुम्हारा देश
इंद्रलोक के सामान|

स्वप्न है
अनगिनत लोगों का,
तुम्हारी धरती पर
आना और यहाँ बसना|

क्या
यही अभिमान था
जो सर चढ़ गया?

जो तुमने
ये तय कर लिया
कि कोरोना
तुम्हे छू नहीं सकता|

तुमने संभवतः
ये भी मान लिया था
कि कोविद-१९
एशिया और अफ्रीका
के गरीबों की
बीमारी है|

क्या इसी
भ्रम में मंत्र-मुग्ध
घूम रहे थे स्वछन्द,
जब कोरोना का विषाणु
धीरे-धीरे जमा रहा था
अपना पांव?

बच्चे-बूढ़े और युवा,
इतने लोग
समा गए
काल की गाल में,
ये सब कैसे हुआ?

सुना है कि
खाट कम पढ़ रहे थे
लोगों को सुलाने,
फिर छोड़ दिया
उनको किसी कोने में
जो पहुँचे थे
आखरी पड़ाव पर|

दिया होगा चीन ने
जन्म इसे
जाने-अनजाने,
लेकिन
इतिहास
जब खोजेगा
इस महामारी
के विस्तार का हेतु-
तो उसमे
तुम्हारा नाम भी होगा|

पूरी दुनिया में
इसका प्रकोप
बढ़ाने के दोषी तो
तुम कहलाओगे
हाँ तुम!


--------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्सेम्बर्ग, ६ मई २०२०

बिलकुल नहीं आता

नहीं आता मुझे
ऊपरी दिखावे के साथ
रिश्ते बनाना,
और अनमने से निभाना तो
बिलकुल नहीं आता |

नहीं आता मुझे
खोखले वादे करना,
और झूठे सपने दिखाना तो
बिलकुल नहीं आता |

जो होता है
मेरे मन में वही बात
कहता हूँ साफ-साफ,
चिकनी-चुपड़ी बातों से
बातें बनाना तो
बिलकुल नहीं आता |

जो भी करता हूँ
बस उसी में
डूब के करता हूँ,
ऊपर-ऊपर से
छू कर निकल जाना तो
बिलकुल नहीं आता |

बस खो जाता हूँ
जो हो रहा है उसी में,
फिर मैं या मेरे होने का
भाव दिखाना तो
बिलकुल नहीं आता |

अपने आप को
भुला देने के बाद
होती है एक ख़ुशी,
और स्वयं को
पहचानने का
जो मिलता है सुख
उसे शब्दों में बताना तो
बिलकुल नहीं आता |

ईश्वर ने सदा ही
बढ़-चढ़ के की है
कृपा मुझपर,
और उस ऊपर वाले
की दया का मोल चुकाना तो
बिलकुल नहीं आता |

--------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु" लक्सेम्बर्ग, ६ मई २०२०



मंगलवार, 24 मार्च 2020

तुम्हारी यादें

यादें,
तुम्हारी यादें,

किताबों में दबे
सूखे फूल की
पखुड़ियों तरह,
यादों के पन्नों
खुलते ही
ख़ुशबू बिखेरती
तुम्हारी यादें!

कभी तो
चुपके से
चली आती हैं
दबे पाँव,
और कभी
किसी
सैलाब की तरह
सब कुछ
बहा ले जाती हैं
तुम्हारी यादें!

कभी तो
बहुत रुलाती हैं
और कभी
खुब हँसाती हैं,
सचमुच 
तुम्हारी तरह ही
बहुत प्यारी
मगर बिलकुल
मासूम हैं,
तुम्हारी यादें!

-----------------------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्सेम्बर्ग, मंगलवार २४ मार्च २०२० 

बुधवार, 1 जनवरी 2020

तुम जो बस गए दिल मे

तुम जो बस गए दिल मे, इसे अब और  कुछ भाता नहीं
नहीं लगता कहीं भी मन, इसे अब कोई बहलाता नहीं!!

तेरी जब याद आती है, तो ठंडी आह भरता हूँ 
दिल ही दिल में तड़पता हूँ, मगर चुपचाप सहता हूँ
दर्द-ए-दिल में कोई मरहम किसी भी काम में आता नहीं
तुम जो बस गए दिल में, इसे अब और कुछ भाता नहीं


यूँ तो मैं मुस्कुराता हूँ,  ख़ुशी के गीत गाता हूँ 
महफ़िलो में भी जाता हूँ हज़ारों लोग मिलते हैं
गले सबको लगाता हूँ मगर दिल से लगा पाता नहीं
तुम जो बस गए दिल में, इसे अब और कुछ भाता नहीं

-----------------------------------------------------
मनीष पाण्डेय "मनु"
लक्सेम्बर्ग, बुधवार १ जनवरी २०२०